बिग ब्रेकिंग

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और चौदास घाटी में बर्फबारी, चुनाव प्रचार प्रभावित

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

पिथौरागढ़/मुनस्यारी/धारचूला । उत्तराखंड में बुधवार को दोबारा से मौसम का मिजाज बदल गया। मैदान में बारिश तो चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। पिथौरागढ़ में हिमनगरी कहे जाने वाली मुनस्यारी में हिमपात हो रहा है। धारचूला के चौदास घाटी में भी बर्फबारी हो रही है। पूरा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बाजार सुनसान हैं और सड़कों पर वाहन भी कम चल रहे हैं। चुनाव प्रचार भी प्रभावित हुआ है।
बुधवार सुबह से ही आसमान घने बादलों से घिरा था। ठंडी हवाएं चल रही थी। उच्च हिमालय में मंगलवार की रात्रि से ही हिमपात होने लगा था। सुबह जिले में हल्की वर्षा हुई। दोपहर बाद जिले भर में बारिश हुई। बारिश के चलते जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ सहित सभी तहसीलों में जनजीवन प्रभावित रहा। अन्य दिनों की अपेक्षा चुनाव प्रचार वाहनों का शोर भी थमा रहा। प्रत्याशियों ने बारिश के बीच घर- घर जाकर सम्पर्क किया।
मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार थल -मुनस्यारी मार्ग पर रातापानी से पातलथौड़ तक सुबह दस बजे के आसपास से हिमपात होने लगा था। अपरान्ह तक कालामुनि में चार इंच, बिटलीधार में पांच इंच, खलिया में आधा फीट, बलाती,पातलथौड़ में तीन इंच से अधिक हिमपात हो चुका था। हिमपात जारी रहने से थल -मुनस्यारी मार्ग के बंद होने के आसार बने हैं। उच्च हिमालय में पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, नंदा देवी, नंदा कोट,छिपलाकेदार, रालम, मिलम सहित उच्च हिमालयी गांवों में मंगलवार की रात्रि से ही हिमपात हो रहा है। मुनस्यारी में मौसम का नौवां हिमपात हुआ है।
धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार चौदास घाटी में हिमपात हो रहा है। हिमखोला, सोसा, नारायणआश्रम, सिर्खा आदि स्थानों पर दिन से ही बर्फबारी जारी है। दारमा और व्यास घाटी में भारी हिमपात हो रहा है। निचले क्षेत्रों में बारिश है। जिले के डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेरीनाग, गणाईगंगोली, तल्ला जोहार, कनालीछीना , अस्कोट, जौलजीबी, गोरीछाल क्षेत्र में बारिश हो रही है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस तीन और अधिकतम तापमान छह डिग्री है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!