स्पाइसजेट की दुबई जाने वाली 2 फ्लाइट 24 घंटे से ज्यादा लेट, यात्रियों का प्रदर्शन

Spread the love

नईदिल्ली, स्पाइसजेट की दिल्ली से दुबई जाने वाली 2 फ्लाइट 24 घंटे से ज्यादा लेट हो गईं। इसके बाद परेशान यात्रियों ने दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर प्रदर्शन किया। यात्रियों ने बताया कि इन दोनों उड़ानों का समय बार-बार बदला गया, जिसके चलते ये अपने निर्धारित समय से 24 घंटे से भी ज्यादा लेट हो गई। इसके बाद गुस्साए करीब 200 यात्रियों ने टर्मिनल 3 पर प्रदर्शन किया।
स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 5111 सोमवार सुबह 7:45 बजे दिल्ली से दुबई के लिए रवाना होने वाली थी। बार-बार इसका समय बदला गया। पहले इसका प्रस्थान सोमवार शाम को तय किया गया और बाद में मंगलवार सुबह 9 बजे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक विमान ने उड़ान नहीं भरी।
वहीं, दूसरी फ्लाइट एसजी 5105 को सोमवार रात 10:10 बजे उड़ान भरनी थी। ये उड़ान भी 24 घंटे से ज्यादा लेट हो चुकी है।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ानों- एसजी 5111 और एसजी 5105 में परिचालन कारणों से देरी हुई है, क्योंकि एक विमान को रोक दिया गया था। प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों का इंतजाम किया जा रहा है। एयरलाइन यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम से कम करने की हरसंभव कोशिश कर रही है।
एयरलाइन ने घटना को लेकर यात्रियों से माफी मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *