नई दिल्ली,राजधानी दिल्ली के कई प्रमुख स्कूलों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले हैं. धमकी की सूचना मिलते ही संबंधित स्कूल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी. इसके साथ ही एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों तथा स्टाफ को परिसर से बाहर निकाला गया. वहीं, दिल्ली पुलिस ने कई स्कूलों को धमकी वाले ई-मेल मिलने की पुष्टि की है. फिलहाल पुलिस मामले में विस्तृत जानकारी जुटा रही है. शुरुआती जांच में अभी तक किसी स्कूल परिसर से संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.
जानकारी के अनुसार, द ब्रिटिश स्कूल, संस्कृति स्कूल और सरदार पटेल विद्यालय समेत कई स्कूलों को धमकी वाले ई-मेल मिले. इन स्कूलों की ओर से पुलिस को करीब सुबह 10:30 से 10:45 बजे के बीच सूचना दिए जाने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एवं डिस्पोजल टीम, डॉग स्क्वॉड व दिल्ली फायर सर्विस के कर्मियों को संबंधित स्थानों पर भेजा गया. सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों को खाली कराकर अलग-अलग हिस्सों में तलाशी अभियान शुरू किया.
धमकी की सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूलों में एंटी-सबोटाज जांच शुरू की. बम निरोधक दस्ते ने परिसर के संवेदनशील स्थानों की जांच की, जबकि प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड की मदद से भी संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई है. दिल्ली फायर सर्विस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. स्कूलों को खाली कराने का फैसला किसी विस्फोटक के मिलने के कारण नहीं, बल्कि एहतियाती सुरक्षा कदम के तौर पर लिया गया है. मौजूदा रिपोर्टों के अनुसार, तलाशी के दौरान अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है. पुलिस ई-मेल के तकनीकी विवरण की जांच कर रही है.
इस घटनाक्रम को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कुछ प्रभावित स्कूलों में परीक्षाएं चल रही थीं. सरदार पटेल विद्यालय की ओर से अभिभावकों को बताया गया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से परिसर से बाहर निकाल लिया गया है. साथ ही पुलिस को सूचना दे दी गई है. स्कूल में कुछ विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी हो चुकी थी, जबकि वरिष्ठ कक्षाओं की परीक्षा का कुछ हिस्सा बाकी था. सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद आगे की परीक्षा के संबंध में निर्णय लेने की बात कही गई है.
दिल्ली में स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमकी मिलने की घटनाएं पहले भी सामने आते रही हैं. फरवरी 2026 में भी आर्मी पब्लिक स्कूल, धौला कुआं व एयर फोर्स बाल भारती स्कूल सहित कई संस्थानों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं. उस समय भी बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया था और बाद में धमकियों को फर्जी पाया गया था. फिलहाल मंगलवार की घटना में भी किसी वास्तविक विस्फोटक की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक इसे बम धमकी की घटना के रूप में ही देखा जा रहा है.
सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत, भेजने वाले व्यक्ति व धमकी के पीछे संभावित उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हैं. दिल्ली पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी आने के बाद प्रभावित स्कूलों की संख्या व जांच की प्रगति की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी.