कोरोना के साथ ही डेंगू पर भी विशेष ध्यान दें: सीएम
बागेश्वर। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि डेंगू का प्रकोप भी बढ़ सकता है। जिसके लिए शहर से लेकर गांव तक के लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना की जांच के लिए गांवों को फोकस किया जाए। शनिवार को एनआइसी में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सीएम ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में लोगों को बेहतर उपचार देना सरकार की प्राथमिकता है। जिस पर बेहतर काम भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद प्रदेश में डेंगू का भय भी सताने लगा है। लोगों को इसके लिए जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि घरों के आसपास बर्तनों में पानी जमा नहीं होने दें। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। स्वास्थ्य विभाग डेंगू की रोकथाम के लिए भी योजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान लोगों को मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। असहाय, मजदूर, गरीब लोगों को हरसंभव मदद की जाए। उन्होंने आक्सीजन सिलिंडरों की रिफिलिंग के लिए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान देने को कहा।
आक्सीजन की कमी के कारण किसी भी व्यक्ति की जान नहीं जानी चाहिए। ग्रामीण निगरानी समितियां गांव में आने वाले लोगों की निगरानी करेगी। किसी भी व्यक्ति में लक्षण आदि पाए जाने पर प्रभावी नियंत्रण की कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अस्पतालों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि जिले से 12 मेडिकल स्टाफ संबद्ध है। जिन्हें तत्काल जिले के लिए भेजा जाना चाहिए। ताकि डाक्टर, फार्मासिस्ट आदि अन्य स्टाफ की कमी दूर होगी। उन्होंने जिले की स्वास्थ सेवाओं की भी जानकारी प्रदान की। इस दौरान एसपी अमित श्रीवास्तव, एडीएम चंद्र सिंह इमलाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीडी जोशी समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।