Uncategorized

राज्य आंदोलनकारियों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंक जताया विरोध

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

ऋषिकेश। चिह्नित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति ने प्रदेश सरकार पर राज्य आंदोलनकारियों की उपेक्षा का आरोप लगाया। समिति ने साढ़े चार साल में आंदोलनकारियों की सुध न लेने पर प्रदेश सरकार का स्व. इंद्रमणी बडोनी चौक पर पुतला फूंक कर विरोध जताया। प्रदर्शन करने वालों में आंदोलनकारी धीरेंद्र प्रताप ने कहा जब से राज्य में भाजपा की सरकार आई है, तब से राज्य आंदोलनकारियों की उपेक्षा हुई है। सरकार ने आंदोलनकारियों की मांगों का निस्तारण के बजाय आंदोलनकारियों पर फर्जी मुकदमें दर्ज करने का काम किया है। पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि भाजपा की सरकार में राज्य आंदोलनकारियों का उत्पीड़न हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन देने का काम किया था। मगर, अब जबकि महंगाई चरम पर पहुंच गई है, राज्य सरकार आंदोलनकारियों की पेंशन वृद्धि की मांग को भी अनसुना कर रही है। केंद्रीय संयोजक व पूर्व राज्य मंत्री मनीष कुमार ने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों को सुविधाएं देने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रही है। समिति ने प्रदेश में लोकायुक्त की नियुक्ति करने, सशक्त भू-कानून बनाने, राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि करने की मांग की। पुतला फूंकने वालों में देवी प्रसाद व्यास, कृपाल सिंह सरोज, मनीष नागपाल, करण सिंह पंवार, रुकम पोखरियाल, विक्रम भंडारी आदि मौजूद थे।
राज्य आंदोलनकारियों को दिया जाए क्षैतिज आरक्षण
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त संघर्ष समिति ने राज्य आंदोनकारियों को सरकारी नौकरियों ने दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने तथा प्रदेश में सशक्त भू-कानून लागू करने की मांग की है। गोपाल कुटी में आयोजित बैठक में समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। मगर, सरकार आंदोलनकारियों के प्रति अड़ियल रुख अपना रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार शीघ्र आंदोलनकारियों के हित में निर्णय नहीं लेती तो आंदोलनकारी सरकार के खिलाफ मुखर होंगे। बैठक में डीएस गुसाईं, गंभीर सिंह मेवाड़, बलवीर सिंह नेगी, वीर सिंह चौहान, गुलाब सिंह रावत, सरोजिनी थपलियाल, सुशीला शर्मा, दर्शनी रावत, उर्मिला डबराल, गुड्डी डोभाल, ज्ञानी देवी नेगी, जगदीश बहुगुणा, उषा पोखरियाल, आशा गुप्ता, पूना राणा, जुगल किशोर, बहुगुणा सीमा, देवी सोमवती, रोशनी देवी आदि मौजूद रहे। – दुर्गा नौटियाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!