डीएम ने किया बावई गांव का स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री आवास योजना के वितरण में मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने बावई गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना पात्र लोगों को ही मिलेंगी। योजना के लिए अपात्र पहले ही सूची से बाहर कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी मनुज गोयल ने अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बावई गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में बनाए जाने वाले आवासों को देखा। साथ ही छूटे हुए पात्र लोगों के नाम सूची में दर्ज करने के लिए अफसरों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्र में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के लिए चलाए जा रहे क्षमता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कहा कि ग्रामीणों को विकास के लिए बनी सरकारी योजनाओं की जानकारी होनी जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कहा कि ग्रामीण अपनी बंजर पड़ी भूमि का सदुपयोग करते हुए उसे आजीविका के लिए प्रयोग करें। इस मौके पर ग्राम प्रधान बावई देवेश्वरी देवी, खंड विकास अधिकारी चक्रधर सेमवाल, राजस्व उपनिरीक्षक गंभीर सिंह गुसांई, निर्मला पटवाल, ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र मोहन घिडियाल, ग्राम पंचायत अधिकारी रजनी गुसांई आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *