Uncategorized

स्थापना दिवस के अवसर पर हुआ विधानसभा में महिला आंदोलनकारियों का सम्मान –

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देहरादून। उत्तराखंड के 21 वें स्थापना दिवस पर सोमवार को विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर विस अध्यक्ष ने राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 20 साल के सफर में उत्तराखंड ने सफलता के कई मुकाम हासिल किए। कई चुनौतियों का सामना किया। कुछ में सफलता हाथ लगी और कुछ में जूझने, संघर्ष करने, नई राह तलाशने का दौर जारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महिलाओं का अहम योगदान रहा है। महिला आंदोलनकारियों के ही बलबूते राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में है। हमें इस पहचान को बनाए रखना होगा। नए प्रगतिशील भारत में उत्तराखंड बढ़-चढ़कर अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है। कोरोना संक्रमण के इस काल में भी राज्यवासियों ने एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। विस अध्यक्ष ने सभी को उत्तराखंड राज्य के विकास में योगदान देने के लिए संकल्प भी दिलाया। विधायक हरबंस कपूर ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा शहीदों का ऋणी रहेगा। शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप राज्य को संवारें। विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार व सम्मानित जीवन जीने का अधिकार होता है। इन्हीं अधिकारों के सपनों को लेकर अलग उत्तराखंड राज्य के लिए संघर्ष किया गया। अगर हम सभी ईमानदारी से कोशिश करें तो अवश्य ही एक ऐसा उत्तराखंड बनाने में सफल होंगे, जहां सभी क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतें पूरी होंगी और सभी को आगे बढ़ने के अवसर व साधन उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम के दौरान महिला आंदोलनकारियों को विस अध्यक्ष ने गैरसैंण का फोटो व गंगाजली भेंट कर सम्मानित किया, जबकि विधायक हरबंस कपूर, उमेश शर्मा काऊ, चंद्रा पंत और मनोनीत विधायक जीआईजी मैन ने पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट किए। जिन महिला आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया, उनमें श्यामा देवी, विमला जखमोला, मनोरमा बमराड़ा, मोहिनी नौटियाल, माया पंवार, प्रभा बहुगुणा, विजयलक्ष्मी गुसांई, सुंदरी देवी, कमला कंडारी, गुरदीप कौर, भूमा रावत, लक्ष्मी भंडारी, ऊषा भट्ट, भानुमति रावत, गोदांबरी देवी, रामी देवी, सोनी देवी, रामेश्वरी देवी, शकुंतला देवी शामिल थीं। कार्यक्रम में विधानसभा के प्रभारी सचिव मुकेश सिंघल समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन भारत चौहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!