छात्र नेताओं ने समस्याओं के हल करने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

 

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में छात्रसंघ और छात्र नेताओं ने विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने कॉलेज परिसर के मुख्य गेट पर तालाबंदी की। उन्होंने परिसर निदेशक के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजा।
गुरुवार को छात्रसंघ अध्यक्ष ऋतिक असवाल, उपाध्यक्ष रोहित कुमार आदि ने कहा कि बीते 6 महीने से परिसर को जाने वाली सड़क का डामरीकरण नहीं होने से छात्र-छात्राएं परेशान है। अभी तक परिसर में वाईफाई चालू नहीं हो पाया है, जबकि 2016 में इसकी लाइन बिछ चुकी है। बस व एबुलेंस की सुविधा पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बीकॉम के लिए भवन परिसर बनाने, परिसर में शिक्षकों के लिए बायोमैट्रिक मशीन लगाने, प्लेग्राउंड का जल्द निर्माण करने की मांग पिछले लंबे समय से की जा रही है, लेकिन समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कहा कि 2016 से परिसर में एक भी समस्या का हल नहीं हुआ, लेकिन नेक की टीम का निरीक्षण होने पर एक दिन पहले व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही है। वहीं, परिसर निदेशक ने कहा कि छात्रों की हर समस्या के हल के लिए प्रयास किए जा रहे है। इस मौके पर छात्रसंघ सचिव रितिक रावत, कोषाध्यक्ष लविश नेगी, यूआर विनय रावत, छात्रा प्रतिनिधि खुशी, राजेश भंडारी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *