जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं टीकाकरण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को एचपीवी टीकाकरण, मासिक धर्म स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीके तथा बरसात के मौसम में दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने किया। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर सहित एचपीवी से संबंधित गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम करने में सहायक है। आयुष्मान केंद्र धरासू की एएनएम ज्योति ने छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 से 15 वर्ष की आयु में टीकाकरण अधिक प्रभावी माना जाता है। इस आयु वर्ग में दो खुराक, जबकि 15 से 26 वर्ष की आयु में तीन खुराक दिए जाने की जानकारी उन्होंने दी। आशा सुपरवाइजर पूर्णिमा सुंदरियाल ने मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक एवं सामान्य जैविक प्रक्रिया है। इस दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, सेनेटरी नैपकिन को नियमित रूप से बदलने और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई। वहीं, ग्राम पंचायत धरासू की आशा कार्यकर्ता मंजू नेगी ने बरसात के मौसम में दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हैजा, टाइफाइड, पेचिश, डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियां दूषित पानी में मौजूद बैक्टीरिया, वायरस और परजीवियों के कारण फैल सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से साफ पानी का सेवन करने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को हाथ धोने के सही तरीके भी बताए गए और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।