जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तृतीय चरण में पंजीकरण एवं प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में स्किल डेवलपमेंट एवं कैरियर काउंसलिंग सेल द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला में नोडल अधिकारी डॉ. दुर्गा रजक ने भारत सरकार की इस योजना के बारें में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। बताया कि 18 से 25 वर्ष आयु के विद्यार्थी पीएमआईएस की वेबसाइट के माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए पंजीकरण तथा प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु तृतीय चरण 20 मार्च 2026 से शुरू हो चुका है। इंटर्नशिप हेतु तय मानक तथा योग्यता के अनुसार विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठा सकते है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. एल.आर. राजवंशी ने बताया कि युवाओं हेतु भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना में प्रत्येक अभ्यर्थी को 6-9 माह तक प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप के दौरान 9000 रुपये प्रतिमाह की दर से पारिश्रमिक प्रदान किया जाना है, जिससे वे अपने कैरियर को नया आयाम दे सकते हैं। इस मौके पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. उमेश ध्यानी, कैरियर सेल प्रभारी प्रो. एस.पी. मधवाल, स्किल प्रभारी डॉ. कमल कुमार आदि मौजूद थे।