शादी समारोह के लिए सिलेंडर लेने पहुंचे लोग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शादी समारोह में दो सिलिंडर मिलने के आदेश के बाद शहरवासी आवेदन के लिए तहसील परिसर में पहुंच रहे हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग तहसील परिसर में पहुंचे हुए थे। एक दिन में पचास से अधिक लोगों ने सिलेंडर के लिए आवेदन किया।
कुछ दिन बाद शादी सीजन शुरु होने वाला है। ऐसे में विवाह समारोह में सिलेंडर की परेशानी न हो इसके लिए शासन की ओर से विशेष रूप से दो सिलेंडर दिए जा रहे हैं। गाइडलाइन जारी होने के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग प्रार्थना पत्र व विवाह का कार्ड लेकर तहसील में पहुंचे हुए थे। सुबह से ही लोग अधिकारियों का इंतजार करते हुए नजर आए। तहसील से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग को भेजा जा रहा है, जिसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग लोगों के आवेदनों को संबंधित गैस एजेंसी को भेज रहा हैं। अलग-अलग गैस एजेंसी के करीब पचास से अधिक लोगों ने शादी में सिलेंडर के लिए आवेदन किया है। ऐसे में गैस एजेंसी के पास सिलेंडर उपलब्ध होने पर ही इन लोगों को सिलेंडर दिया जाएगा। ऐसे में सिलेंडर मिलने में दस दिन से अधिक का समय भी लग सकता है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को होगी, जिनके घरों में कुछ दिन बाद शादी समारोह है। हालांकि, ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार कर प्रशासन उन्हें जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की भी बात कह रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *