श्रीनगर गढ़वाल : 11 मई से होने वाली सीयूईटी-यूजी 2026 के लिए गढ़वाल विश्वविद्यालय के केंद्र के लिए पोर्टल पुन: खोल दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पहले किसी अन्य परीक्षा केंद्र का चयन किया था और अब श्रीनगर में केंद्र पर परीक्षा देना चाहते हैं वह 7 मई तक सीयूईटी पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी च्वाइस को पुन: लॉक कर सकते हैं। बता दें कि सीयूईटी यूजी के लिए गढ़वाल विवि के चौरास परिसर में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बावजूद परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के परीक्षा केंद्र दूर-दराज के शहरों में आवंटित कर दिए गए। विवि की ओर से एनटीए को केंद्रों में संशोधन के लिए पत्र भेजा गया था। अब एनटीए की ओर से पोर्टल को खोलकर छात्रों को परीक्षा केंद्र में संशोधन का मौका दिया है। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं ने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा। इसके पश्चात कोई संशोधन या केंद्र परिवर्तन संभव नहीं होगा। (एजेंसी)