नीट पेपर लीक मामले पर छात्रों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

Spread the love

रुद्रपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। करीब 22 लाख छात्रों ने ईमानदारी और मेहनत से परीक्षा दी, लेकिन इस तरह की घटनाओं से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के सपनों और भविष्य से जुड़ा सवाल है। छात्र नेताओं ने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। इस दौरान चेतन भट्ट, उपाध्यक्ष छात्र संघ रुद्रपुर, प्रदेश सचिव एनएसयूआई उत्तराखंड और पूर्व महानगर अध्यक्ष एनएसयूआई रुद्रपुर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *