विद्यार्थियों को दी जाएगी लोकतांत्रिक व चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में संस्थान में पुनर्गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में छात्र-छात्राओं के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मनोनीत कैम्पस एंबेसडर (छात्र-छात्राएं) अपने-अपने क्षेत्रों और परिसरों में जाकर आम नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे।


यह बैठक प्राचार्य डॉ. योगेन्द्र चन्द्र सिंह के निर्देशन एवं राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक एवं क्लब के नोडल अधिकारी विकास प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को भारत के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनाव संपन्न कराने वाले भारत निर्वाचन आयोग की कार्य प्रणाली से विस्तार से परिचित कराया जाएगा। निर्वाचन नामावली (वोटर लिस्ट) में नाम दर्ज कराने और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में विद्यार्थियों में विशेष जागरूकता फैलाई जाएगी। विद्यार्थियों को मतदान व मतगणना की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। उपलब्धता के आधार पर ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। जागरूकता अभियान के तहत निबंध, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन लेखन जैसी पाठ्य-सहगामी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए इसके माध्यम से नैतिक एवं जागरूक मतदान को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, चुनाव के दौरान फैलने वाले भ्रामक प्रचार और अफवाहों से सतर्क रहने के तरीके भी बताए जाएंगे। बैठक में निर्वाचन साक्षरता क्लब समिति के सदस्य डॉ. हरिओम रावत, डॉ. बचन सिंह, कैंपस एंबेसडर पूनम रावत, राहुल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *