जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत शनिवार को शिशु मंदिर थलीसैंण में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जूट के बैग वितरित किए गए। साथ ही विद्यार्थियों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। जूट बैग के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ थलीसैंण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण प्रमुख ललित मोहन ममगाईं एवं नगर पंचायत थलीसैण के स्वच्छता एंबेसडर सत्येंद्र सेमवाल द्वारा विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। सामाजिक कार्यकर्ता आशा राम पोखरियाल ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता अभियान में सहयोग करने, बच्चों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। नगर पंचायत थलीसैंण अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत जन जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।