शिक्षक ने सभासदों पर किया धारदार हथियार से हमला

Spread the love

रुद्रप्रयाग : नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के दो सभासदों पर एक शिक्षक ने धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया। दोनों घायलों को रुद्रप्रयाग में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया जहां दोनों का ऑपरेशन हुआ। एक सभासद की आंत और एक के पेट के निचले हिस्से पर गहरा घाव हुआ है। वहीं आरोपी शिक्षक भी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने दोनों घायलों के बयान के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। सोमवार रात को करीब 10 बजे अगस्त्यमुनि में नपं सभासद विक्की आनंद सजवाण और हिमांशु भट्ट एक होटल में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान वहां एक निजी स्कूल के दो शिक्षक पहुंचे और उन्होंने सभासद हिमांशु से उनकी स्कूटी की चाभी मांगी। दोनों स्कूटी लेकर चले गए और 20 मिनट बाद पहुंचे। दोनों शिक्षक होटल संचालक के साथ बहस करने लगे। इसी बीच सभासद ने हस्तक्षेप किया कि तो शिक्षकों और उनकी धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद एक शिक्षक विनोद कुमार ने दोनों सभासद पर धारधार हथियार से हमला कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तत्काल रुद्रप्रयाग के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि सभासद विक्की आनंद की आंत और हिमांशु भट्ट के पेट के निचले हिस्से पर गहरा घाव हुआ है। चिकित्सक डॉ. आनंद बोहरा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। वहीं आरोपी भी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस थाना अगस्त्यमुनि के प्रभारी निरीक्षक महेश रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। दोनों घायलों के बयान दर्ज किए गए हैं। सभासदों ने बताया कि आरोपी ने उन पर हमला क्यों किया यह पता नहीं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *