वनाग्नि की आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित समाधान टीम गठित
वनाग्नि सुरक्षा उपकरणों की सूची 10 फरवरी तक उपलब्ध कराये
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल मंडल पौड़ी सुशांत कुमार पटनायक ने शनिवार को गढ़वाल मंडल में पहली मंडलीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि समस्त रेंज अधिकारियों को वनाग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी की सूची आगामी 10 फरवरी तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपकरणों के सापेक्ष बजट की मांग का प्रस्ताव भेजने को भी कहा गया है। सीसीएफ गढ़वाल ने कहा कि पहाड़ की विषम परिस्थितियों में आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित समाधान टीम बनाई गई है।
वन विभाग परिसर कंडोलिया में आयोजित बैठक में वनाग्नि सुरक्षा, मानव व वन्यजीव संघर्ष कम करने, मुख्यमंत्री की घोषणा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। सीसीएफ गढ़वाल ने कहा कि विभाग पूरे मंडल में कई अभिनव प्रयास कर रहा है। वनाग्नि सुरक्षा को लेकर पांच वर्षीय कार्य योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की विषम परिस्थितियों में आपात स्थिति पर त्वरित समाधान टीम की भी अहम भूमिका होगी। मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल सुशांत कुमार पटनायक ने कहा कि गढ़वाल मंडल में विभाग अनेक अभिनव प्रयास कर रहा है। जिसके तहत शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क, नगर वन आदि योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए पांच वर्षीय कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्य योजना तैयार करने के लिए मंडल के समस्त प्रभागीय वनाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वनाग्नि सुरक्षा के मानको की कमी दूर किए जाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा रही है। इस अवसर पर वन संरक्षक गढ़वाल एनएन पांडेय, डीएमओ गढ़वाल केएस रावत, सिविल एवं सोयम सोहन लाल, डीएफओ अलकनंदा प्रभाग सर्वेश कुमार दुबे, डीएफओ बद्रीनाथ आशुतोष सिंह, रुद्रप्रयाग वैभव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।