ठाणे,महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (एमएएचए टीईटी 2026) का पेपर एक दिन पहले ठाणे के भिवंडी में लीक हो गया। ऐसे में सरकार ने परीक्षा को स्थगित कर दिया है। महाराष्ट्र पुलिस और शिक्षा विभाग को जानकारी मिली थी कि भिवंडी इलाके में किसी के पास टीईटी का प्रश्न पत्र मौजूद है। मामले की गहन जांच के बाद एफआईआर दर्ज करते हुए अब आज होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (एमएससीई) पुणे ने 28 जून को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। परिषद की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है। शनिवार सुबह गोपनीय सूचना पर भिवंडी में पुलिस ने छापेमारी की। इसमें अधिकारियों को कुछ प्रश्न टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। परिषद ने कहा कि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे मामले की जांच पूरी होने तक रविवार को होने वाली परीक्षा को स्थगित किया गया है। अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी परिषद की वेबसाइट से ही प्राप्त करें। नई परीक्षा तारीख की घोषणा जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
शिक्षा विभाग यह सत्यापन कर रहा है कि बरामद पेपर आज होने वाले टीईटी परीक्षा का असली पेपर है या कोई गैस पेपर है। अगर दोनों पेपर मेल खाएंगे तो ऐसे में पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश के साथ शिक्षा विभाग आज से शुरू होने वाली अन्य परीक्षाओं को रद्द करने पर भी विचार कर सकता है। इस विषय में अभी तक पुलिस और शिक्षा विभाग किसी की भी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, पेपर लीक अब कोई अपवाद नहीं रह गया है, बल्कि यह इस दरिद्र सरकार की पहचान बन गया है। कल महाराष्ट्र में होने वाली टीईटी परीक्षा का पेपर उपमुख्यमंत्री शिंदे के ठाणे में ही लीक होने की खबरें सामने आ रही हैं। इस पेपर लीक से लाखों छात्रों की मेहनत, सपनों और भविष्य पर पानी फेरने वाले रैकेट को किसका राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है?
एमएएचए टीईटी 2026 में पेपर-1 और पेपर-2 शामिल हैं। दोनों पेपर एक दिन 2 पालियों में आयोजित किए जाने थे। पहला पेपर सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर 1 बजे और दूसरा दोपहर ढाई बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होना था। प्रश्न पत्र 9 भाषाओं में तैयार किया गया है, जिनमें मराठी, अंग्रेजी, उर्दू, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, सिंधी, कन्नड़ और हिंदी शामिल हैं। इस परीक्षा के लिए राज्य के 4.28 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था।