छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, विजयी प्रत्याशियों ने ली शपथ
जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में छात्र संघ चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेंद्र चंद्र सिंह के मार्गदर्शन एवं चुनाव अधिकारी डॉ. विकास प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न कराई गई। चुनाव में कुल 274 मत पड़े। चुनाव के दौरान छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा मतदान से लेकर मतगणना एवं परिणाम घोषणा तक सभी प्रक्रियाएं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गईं।

अध्यक्ष पद पर मानसी ने 27 मतों के अंतर से, उपाध्यक्ष पद पर संजना ने 2 मतों के अंतर से, सचिव पद पर बॉबी ने 16 मतों के अंतर से, सहसचिव पद पर नीलम ने 12 मतों के अंतर से, कोषाध्यक्ष पद पर रिंकी ने 20 मतों के अंतर से तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर वसुदेव ने 21 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में पीठासीन पदाधिकारी डॉ. बचन सिंह, मतदान अधिकारियों डॉ. अतुल सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, अंजू नेगी, आनंदमणि पोखरियाल एवं अनिल ध्यानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाविद्यालय की अनुशासन एवं व्यवस्थागत टीम में प्रो. विमल कुकरेती, डॉ. रोशनी असवाल, डॉ. छाया सिंह, डॉ. सुधीर रावत के साथ अन्य प्राध्यापकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। मीडिया प्रभारी डॉ. हरिओम रावत द्वारा मीडिया समन्वय का दायित्व संभाला गया। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस एवं प्रशासन का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया गया, जिससे संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सकी। चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. योगेंद्र चंद्र सिंह के नेतृत्व में नवनिर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों ने पद एवं दायित्वों के निर्वहन की शपथ ग्रहण की। प्राचार्य ने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रहित, अनुशासन एवं महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।