चमोली। मुआवजे के लिए आंदोलन कर रहे आपदा प्रभावितों ने स्थानीय विधायक के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रभावितों ने बैठक करने जा रहे विधायक का वाहन रोक दिया जबकि सांसद बलूनी आगे निकल गए। प्रभावितों ने विधायक से कहा कि सरकार ट्रीटमेंट के लिए तेजी दिखा रही है लेकिन मुआवजे के लिए गंभीर नहीं दिख रही है। अब बरसात आने वाली है। यदि मुआवजा नहीं मिलता तो फिर से क्षतिग्रस्त भवनों में जान जोखिम में डालकर रहना पड़ेगा। शुक्रवार को जनपद मुख्यालय में होने वाली जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में गढ़वाल सांसद सहित थराली, कर्णप्रयाग विधायक को बैठक में शामिल होना था। सांसद अनिल बलूनी के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही धरने पर बैठे प्रभावित परिवार बदरीनाथ हाईवे पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने सांसद से वार्ता करने का प्रयास किया। मगर वह आगे निकल पाए। पीछे से आ रहे विधायक का वाहन प्रभावित लोगों ने रोक दिया। प्रभावितों ने विधायक अनिल नौटियाल के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि चार साल बीत जाने के बाद भी मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। प्रभावित पुष्कर सिंह रावत ने कहा कि अब उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि मुआवजे के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जल्द कोई न कोई हल निकाला जाएगा। इस मौके पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, सबीना, वार्ड सभासद कमला रतूड़ी, पदिमा दानू, प्रभावित नारायण दत्त रतूड़ी और सरिता रावत आदि मौजूद रहे।