नई टिहरी। संसाधनों की कमी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास कौशल की छात्राओं ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों के आगे कठिनाइयां भी छोटी पड़ जाती हैं। थौलधार ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास कौशल में निवासरत कक्षा 10 की 25 छात्राओं में से 17 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं, जबकि शेष छात्राएं द्वितीय श्रेणी से पास हुई हैं। वहीं, इंटरमीडिएट की 17 छात्राएं पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मैंडखाल में अध्ययनरत हैं, जिनमें से 11 ने प्रथम और छह ने द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की है। छात्रावास का हाईस्कूल और इंटर दोनों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। हाईस्कूल के बाद इन छात्राओं को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए प्रतिदिन छह किलोमीटर दूर मैंडखाल जाना पड़ता है। धूप हो या बारिश, छात्राएं रोजाना 6 किलोमीटर का सफर तय कर विद्यालय पहुंचती हैं और फिर 6 किमी वापस छात्रावास लौटती हैं। छात्रावास की वार्डन संध्या बागड़ी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली इन छात्राओं ने सीमित संसाधनों के बीच भी अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई की।