23 मई को खुलेगें हेमकुंड साहिब के कपाट, पहला जत्था श्रीनगर से रवाना

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : सिख श्रद्धालुओं के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा के लिए ऋषिकेश से पंज प्यारों का पहला जत्था बुधवार रात श्रीनगर स्थित गुरुद्वारे पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। बृहस्पतिवार सुबह गुरुद्वारे में विशेष शबद कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया। इसके बाद पंज प्यारों की अगुवाई में पहला जत्था गोविंदघाट के लिए रवाना हुआ। जत्थे में करीब 350 श्रद्धालु शामिल रहे। सबसे आगे पंज प्यारों का जत्था चल रहा था, जबकि पीछे श्रद्धालु जो बोले सो निहाल के जयकारों के साथ यात्रा पर निकले। श्रद्धालु बृहस्पतिवार को गोविंदघाट पहुंचने के बाद आगे हेमकुंड साहिब की पैदल यात्रा शुरू करेंगे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रीनगर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधक हरविंदर सिंह लक्की ने बताया कि यात्रा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठहरने, लंगर और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं। उन्होंने बताया कि पंज प्यारों के नेतृत्व में रवाना हुआ यह पहला जत्था श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *