Uncategorized

क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का त्यौहार

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। रविवार को क्षेत्र में रक्षाबंधन का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र की कामना की, तो वहीं भाईयों ने भी बहनों को हमेशा उनकी रक्षा करने का वचन दिया। शुभ मुहूर्त शुरू होते ही बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की, वहीं पंडितों ने यजमान को और पर्यावरण प्रेमियों ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधे।
हिन्दू पंचागानुसार श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को रक्षा बंधन का त्यौहार मनाया जाता है। यह त्यौहार भाई-बहन का एक-दूसरे के प्रति स्नेह, प्यार व अटूट विश्वास का प्रतीक है। पुरानी मान्यताएं तो कई हैं, कुछ मान्यताएं देवताओं से जुड़ी हैं तो कुछ राजाओं से जुड़ी है। कहा जाता है कि इस दिन पर राजा मंत्रो उच्चारण के बीच अपने दाहिने हाथ पर रक्षा सूत्र बंधवाते थे। जो कालांतर में भाई-बहन के त्यौहार के रूप में बदल गया और रक्षा बंधन के त्यौहार के नाम से जाना जाने लगा। रक्षा सूत्र बांधते समय मुख्य रूप से येन बद्धो बली राजा, दानवेंद्रो महाबल:। तेन त्वां प्रतिबध्नामि, रक्षे! मा चल! मा चल!! मंत्र का उच्चारण किया जाता है। रविवार को क्षेत्र में भी रक्षा बंधन का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। रक्षा बंधन पर्व पर शादीशुदा बहिनें अपने-अपने सुसराल से भाई की कलियाईयों में राखी बांधने मायके पहुंची।
जनपद पौड़ी गढ़वाल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई की लंबी उम्र की कामना की। वही, भाईयों ने भी बहनों को उनकी रक्षा करने का वचन दिया। रविवार को पौड़ी, सतपुली, श्रीनगर सहित जिले में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रक्षाबंधन के त्यौहार को लेकर छोटे बच्चों में काफी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बॉक्स समाचार
वन मंत्री डॉ. रावत को पहनाई राखी, दीर्घायु की कामना की
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा नगर मंडल और भाबर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रक्षाबंधन पर्व पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने क्षेत्रीय विधायक एवं वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को राखी बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की।
वन मंत्री के सरकारी आवास में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। काबीना मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन का एक दूसरे के प्रति प्रेम, स्नेह और समर्पण का त्योहार है। पिछले दो वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते हमने अपनों का खोया है, इसी कारण रक्षा बंधन का पर्व सामूहिक रूप में नहीं मना पाए। उन्होंने महिलाओं को जीवन के अंतिम सांस तक सम्मान और रिश्ते को निभाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर अध्यक्ष बीना रावत ने कहा कि डॉ. हरक सिंह रावत सरल, सौम्य और मृदुभाषी व्यक्तित्व के नेता हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय पटल पर कोटद्वार को नई पहचान दिलाई और कई विकास कार्य भी करवाए। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का भी प्रयास किया है। कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आकस्मिक निधन पर दु:ख जताते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष रश्मि सिंह, रेनू कोटनाला, महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष रानी नेगी, जिला महामंत्री शशिबाला केष्टवाल, विमला शुक्ला, पूनम खंतवाल, गीता बुड़ाकोटी, शोभा बहुगुणा भंडारी, किरन काला, ऊषा थपलियाल, पूनम खंतवाल, अनीता शर्मा, पंकज भाटिया, भाबर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन जसोला, मुन्नालाल मिश्रा,जनसंपर्क अधिकारी चंंद्रप्रकाश नैथानी, विशेष कार्य अधिकारी कुलदीप रावत, मीडिया प्रभारी धर्मवीर गुसाईं, नीरूबाला खंतवाल, रितु चमोली, आशा डबराल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूनम थपलियाल ने किया। (फोटो संलग्न है)
कैप्शन05: काबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को राखी बांधती हुई महिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!