फिर धधकने लगे बागेश्वर के जंलग

Spread the love

बागेश्वर। गर्मी बढ़ते ही जिले के जंगल एक बार फिर धधकने लगे हैं। गुरुवार की रातभर गढ़सेर रेंज के जंगल जलते रहे। इसके अलावा धरमघर रेंज के जंगल भी सुलग रहे हैं। रवाईखाल के पास लगी आग सड़क तक पहुंच गई। इस कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। रिहायशी इलाकों की तरफ आग बढ़ते ही लोगों की चिंता भी बढ़ गई। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना के बाद विभाग अलर्ट मोड में आया। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण शुक्रवार की देर शाम जिला मुख्यालय से गरुड़ की ओर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि गागरीगोल के पास का जंगल जल रहा था। जंगल की आग सड़क तक पहुंच गई। इससे चालकों को परेशानी होने लगी। इसके अलावा आग रिहायाशी इलाके तक पहुंच गई। उन्होंने वन विभाग से जल्द आग पर काबू पाने की मांग की। उनकी सूचना के बाद गढ़खेत व बागेश्वर रेंज के वन कर्मी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद जंगल की आग पर काबू पाया गया। बागेश्वर के रेंजर एसएस करायत ने बताया कि आग गढ़खेत रेंज के सिविल भूमि में लगी थी। जिसे बागेश्वर व गढ़सेर रेंज के कर्मचारियों ने बुझा दी है। इधर धरमघर के रेंजर केएन पांडे ने बताया कि भाटगाड़, धपोली आदि जंगलों में लगी आग पर काबू पा लिया है। उन्होंने कहा कि विभाग जंगल की आग पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *