भोजनमाताओं को नौकरी से निकाल रही सरकार
प्रदेश सरकार के खिलाफ जारी रहा भोजनमाता संगठन का धरना
जयंत प्रतिनिधि
कोटद्वार:
मानदेय बढ़ोत्तरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर भोजनमाता संगठन का धरना शनिवार को भी जारी रहा। भोजन माताओं ने प्रदेश सरकार पर उन्हें नौकरी से हटाने का आरोप लगाया है। कहा कि जब तक सरकार भोजनमाताओं की समस्याओं का निराकरण नहीं करती उनका अंदोलन जारी रहेगा।
शनिवार को भी भोजन माताओं ने तहसील परिसर में प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना दिया। पूर्व में प्रदेश सरकार ने भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी। बावजूद इसके अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। बताया कि सरकार की ओर से मिलने वाले अल्प वेतन में भोजनमाताओं का अपने परिवार की आर्थिकी चलाना भी मुश्किल हो गया है। सरकार को पूरी ईमानदारी के साथ अपने कार्यो का निर्वहन कर रही भोजन माताओं के बारे में भी विचार करना चहिए। कहा कि भोजनमाताओं के लिए काम करने का समय निर्धारित करने के बाद भी उनसे अतिरिक्त कार्य करवाया जाता है। पर्वतीय क्षेत्रों में पर्याप्त छात्र संख्या होने के बाद भी भोजनमाताओं को नौकरी से निकाला जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार की इस कार्यप्रणाली से भोजनमाताओं में रोष बना हुआ है। भोजनमाताओं ने जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर अनीता शर्मा ब्लॉक अध्यक्ष कमला देवी गुड्डी देवी पुष्पा देवी कामीरथीदेवी उमा देवी अनीता देवी कलावती देवी मालती देवी संजू देवी रेखा देवी सरिता देवी आदि उपस्थित थे।