नई दिल्ली, एजेंसी। फेसबुक पर हुए प्यार को पाने के लिए अपने दो बच्चों और पति को छोड़कर राजस्थान से पाकिस्तान गई अंजू के प्यार का खुमार अब उतर गया है। अंजू अब पाकिस्तान को छोड़ वापस भारत आने को बेताब है। खबर है कि अंजू अगले महीने भारत लौटने वाली हैं। इस बात की जानकारी खुद अंजू के पाकिस्तानी पति नसरुल्लाह ने दी है।
नसरुल्लाह ने बताया कि अंजू का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है और वह अपने बच्चों को याद कर रही है और उसके पास वापस जाने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उन्होंने बताया कि कागजात की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह भारत वापस लौट आएगी। नसरुल्लाह ने यह भी कहा कि अगर उन्हें वीजा मिला तो वह भी भारत आएंगे।
बता दें कि अंजू ने पाकिस्तान में नसरुल्लाह से शादी करने के बाद इस्लाम धर्म कबुल कर लिया है और उसने अपना नाम बदलकर फातिमा रखा है। नसरुल्लाह का घर खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दीर जिले में है। अंजू और नसरुल्लाह 2029 में फेसबुक पर दोस्त बने थे और इसके बाद दोनों में प्यार हो गया। इससे पहले अंजू की शादी राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी के रहने वाले अरविंद से हुई थी। इन दोनों की 15 साल की बेटी और एक 6 साल का बेटा है। लेकिन अंजू अपने पति और बच्चों को छोड़कर अपना प्यार पाने के लिए भारत से पाकिस्तान पहुंच गई थी।