कोटद्वार-पौड़ी

इंजीनियरिंग कालेज घुड़दौड़ी के खिलाफ कर्मचारी हुए लामबंद, आज से कंरेगे आंदोलन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि
पौड़ी। जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी प्रशासन के खिलाफ जिले के विभिन्न कर्मचारी संगठन लामबंद हो गए हैं। कर्मचारी संगठनों ने संस्थान के एक कर्मचारी का कम्प्यूटर सिस्टम सीज किए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। समस्त संगठनों की 9 अगस्त को घुड़दौड़ी में बैठक आयोजित कर इस मामले में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान प्रशासन ने संस्थान में सेवारत कर्मचारी भरत सिंह नेगी का कम्प्यूटर सिस्टम कुछ दिन पूर्व सीज कर दिया था। सिस्टम सीज किए जाने को लेकर संस्थान प्रशासन ने कहा था कि संस्थान में सेवारत कुछ कर्मचारी संस्थान के संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं। साथ ही संस्थान विरोधी गतिविधियों में भी उनकी संलिप्तता है। मामले में छह सदस्यीय जांच टीम के छापेमारी में यह सिस्टम सीज किया गया था। कर्मचारी भरत सिंह नेगी संयुक्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष हैं। नेगी ने मामले की शिकायत प्रभारी निदेशक व जिलाधिकारी पौड़ी से की है। मामले में अब जिले के उत्तराखण्ड फैडरेशन आफ मिनीस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन पौड़ी, राजकीय वाहन कर्मचारी संगठन, राजकीय शिक्षक संघ, पर्वतीय कर्मचारी-शिक्षक संघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने घुड़दौड़ी संस्थान प्रशासन के खिलाफ मुखर विरोध जताया है। समस्त संगठनों ने संयुक्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष का कम्प्यूटर सिस्टम सीज किए जाने को उत्पीड़न की कार्रवाई करार दिया है। उत्तराखण्ड फैडरेशन आफ मिनीस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष सीताराम पोखरियाल, जिलाध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल व जिला महामंत्री संजय नेगी ने कहा कि संस्थान प्रशासन के द्वारा लगातार कर्मचारियों के उत्पीड़न की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले के समस्त कर्मचारी संगठनों की 9 अगस्त को घुड़दौड़ी में बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें संस्थान प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!