उत्तर प्रदेश में 48 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, दिल्ली में सुबह-सुबह बरसी राहत

Spread the love

नईदिल्ली, उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। गत दिन (22 मई) को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 40-47 डिग्री के बीच रहा। भीषण गर्मी के बीच शनिवार को राजधानी में अंधड़ और बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज बदल गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 11 राज्यों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है और अगले 2 दिनों तक इससे राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है।
दिल्ली समेत एनसीआर इलाके में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार सुबह बादल छाने और तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज बदल गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में बूंदाबांदी तो कुछ जगह हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 28 डिग्री के आस-पास रह सकता है। मौसम विभाग ने अलगे 6 दिनों तक लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बांदा देश में का सबसे गर्म शहर रहा, यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री दर्ज किया गया। आईएमडी ने आज 4 बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी और प्रयागराज में लू का रेड और 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में भी गर्मी कहर बरपा रही है। यहां शुक्रवार को नौगांव 46.8 डिग्री तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। प्रदेश में आज 42 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है।
राजस्थान में आज जैसलमेर-जोधपुर समेत 7 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार, आज कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है, वहीं दोपहर के बाद कुछ जगहों पर बारिश भी देखने को मिल सकती है। बिहार के 14 जिलों में लू का असर दिखाई देगा, वहीं प्रदेश के कुछ शहरों में बादल छाने के साथ अंधड़-बारिश की संभावना है। इसी प्रकार पंजाब के 6 जिलों में मौसम खराब हो सकता है।
पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, लेकिन अभी कमजोर है। एक चक्रवाती परिसंचरण पाकिस्तान के ऊपर और एक बिहार के आस-पास बना हुआ है। एक लो प्रेशर एरिया अरब सागर में बना हुआ है। साथ ही एंटी साइक्लोन एरिया भी बना हुआ है। इसके चलते आज कई राज्यों में मौसम बदल सकता है। पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के साथ लक्षद्वीप, महाराष्ट्र और गोवा में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *