उत्तरकाशी। भटवाड़ी क्षेत्र की केवि की स्थापना, ऑल वेदर रोड का निर्माण व अधिकारी-कर्मचारी नियमित ब्लॉक में बैठने की मांग को लेकर ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी रहा। क्षेत्र की महिलाओं ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। महिलाओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि जल्द समस्या हल नहीं हुई तो क्षेत्र में व्यापक जन आंदोलन छेड़ा जाएगा और सरकारी कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। भटवाड़ी गांव में आयोजित धरने में बैठे लोगों ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर लंबे समय से शासन और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ज्ञापन देने, जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करने और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बावजूद उनकी मांगें केवल आश्वासनों तक सीमित रह गई हैं। इससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। कहा कि उनकी तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की जाए ताकि क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर-दराज़ न जाना पड़े। दूसरी, क्षेत्र में ऑल वेदर सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जिससे वर्षभर सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध हो सके।