बिग ब्रेकिंग

विपक्षी गठबंधन का नाम होगा ‘इंडिया’

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

 

नई दिल्ली , एजेंसी।  विपक्षी गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) रखा गया है। बेंगलुरु में एकजुट हुए समान विचारधारा वाले 26 राजनीतिक दलों ने इस नाम पर सहमति जताई और अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लिया।
बैठक के बाद कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनिकम टैगोर ने ट्विटर पर कहा, ‘इंडिया जीतेगा।’ तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने ट्वीट किया, ‘चक दे! इंडिया।’ शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट में कहा, 2024 टीम इंडिया बनाम टीम एनडीए होगा। चक दे, इंडिया।
विपक्षी दलों की बैठक में यह संकल्प भी लिया गया कि वे देश के सामने एक वैकल्पिक राजनीति का एजेंडा लाएंगे। सभी मिलकर सामाजिक और आर्थिक एजेंडा भी पेश करेंगे। बैठक में यह भी फैसला किया गया कि इस गठबंधन का एक संयोजक होगा। इसमें 11 सदस्यीय समन्वय समिति होगी। आगामी लोकसभा चुनाव प्रचार के प्रबंधन के लिए इसका सचिवालय दिल्ली में होगा।
विपक्षी दलों की बैठक के बाद सभी दल एक मंच पर साथ और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपनी-अपनी बात रखी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारे गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ होगा। सभी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। ‘इंडिया’ के घटक दलों की अगली बैठक मुंबई में होगी, जहां गठबंधन के संयोजक और समन्वय समिति के सदस्यों का चयन किया जाएगा।
दूसरे दिन की बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राकांपा प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (तृणमूल कांग्रेस), बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (जनता दल (यू)), तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (द्रमुक), लालू प्रसाद यादव (राजद), उद्धव ठाकरे (शिवसेना (यूबीटी)), झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (झारखंड मुक्ति मोर्चा), दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (आम आदमी पार्टी), अखिलेश यादव (समाजवादी पार्टी) और कुछ अन्य नेता इस बैठक में शामिल हुए।
बेंगलुरु में चल रही विपक्ष की बैठक में कुल 26 दल शामिल हुए हैं। इसमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एम), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, आम आदमी पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, शिव सेना (यूबीटी), राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी, सीपीआई (एमएल), राष्ट्रीय लोकदल, आईयूएमएल, केरल कांग्रेस (एम), एमडीएमके, वीसीके, आरएसपी, केरल कांग्रेस, केएमडीके, एआईएफबी शामिल है।
ममता बनर्जी ने सवाल किया कि भाजपा और राजग क्या ‘इंडिया’ को चुनौती दे सकते हैं? उन्होंने दावा किया कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ जीतेगा, भाजपा हारेगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम देश को बचाने और नए भारत को बनाने के लिए एकत्र हुए हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कुछ लोगों को लग रहा है कि हम परिवार के लिए लड़ रहे हैं। यह देश हमारा परिवार है और हम देश को बचाने के लिए लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!