कोटद्वार-पौड़ी

गाड़ीपड़ाव खाली, सड़कों पर रेहड़ी-ठेलियों का कब्जा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

सड़क पर रेहड़ी-ठेलियों से बिगड़ रही व्यवस्थाएं
आए दिन जाम के कारण आमजन को हो रहा परेशानी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बनाई गई योजनाएं परवान नहीं चढ़ पा रही हैं। अव्यवस्था का एक प्रमुख कारण सड़कों पर बेतरतीब तरीके से घूम रही रेहड़ी-ठेलियां है। लाख प्रयास के बाद भी सरकारी सिस्टम रेहड़ी-ठेली वालों को नजीबाबाद चौराहे के समीप गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट नहीं कर पा रहा है। जबकि, पूर्व में गाड़ीपड़ाव को रेहड़ी-ठेली के लिए खाली करवाया गया था। नतीजा अव्यवस्थाओं के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है।
करीब चार वर्ष पूर्व नगर निगम व प्रशासन ने गोखले मार्ग सहित अन्य मुख्य मार्गों को खाली करवाकर रेहड़ी-ठेली वालों को गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट किया था। योजना के अनुसार, जहां रेहड़ी-ठेली वालों को एक स्थाई जगह उपलब्ध हो गई थी। वहीं, इससे सड़कों पर लगने वाले जाम से भी काफी राहत मिली। लेकिन, वर्तमान में रेहड़ी-ठेली वालों ने गाड़ीपड़ाव को छोड़ सड़कों पर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। नतीजा पूरे दिन सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे खड़ी रेहड़ी-ठेलियों के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।

दिखावा होता है अभियान
सड़कों पर घूमने वाली रहड़ी ठेलियों के खिलाफ नगर निगम व पुलिस का अभियान केवल खानापूर्ति ही होता है। निगम व पुलिस माह में एक दो बार सड़क पर उतरकर रेहड़ी-ठेलियों के खिलाफ कार्रवाई करती है। लेकिन, अभियान समाप्त होते ही स्थिति दोबारा जस की तस हो जाती है। सबसे बुरी स्थिति गोखले मार्ग, स्टेशन रोड, देवी रोड, बदरीनाथ मार्ग पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!