जल्द शुरू होगी पीएचडी प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति सत्र 2026-27 की बैठक चौरास परिसर स्थित शैक्षणिक क्रियाकलाप केंद्र में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से संचालित होगी, जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों हेतु विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होगी। साथ ही पीएचडी प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने पर सहमति बनी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत आगामी सत्र में उन विषयों में एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे, जिनमें चतुर्थ वर्ष में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, तथा इनके लिए सीटें भी निर्धारित की गईं। बैठक में पीएचडी सीटों का रोस्टर भी स्वीकृत किया गया। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी सत्र से स्वास्थ्य परीक्षण (हेल्थ चेकअप) को लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी, जो विश्वविद्यालय के पैनल में सम्मिलित अस्पताल एवं चिकित्सकों के सहयोग से सभी परिसरों एवं संस्थानों में इस व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों की शुल्क संरचना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को 10 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में अंतिम अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, टिहरी, पौड़ी एवं चौरास परिसर के निदेशक, वित्त अधिकारी, कुलसचिव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ. पी. गुसाईं, बाह्य सदस्य प्रो. सुधीर प्रताप सिंह, डी.डब्ल्यू.टी. कॉलेज देहरादून की प्राचार्य प्रो. आरती दीक्षित, बी.एस.एम. पीजी कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. गौतमवीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *