गुणवत्ता के साथ बोर्ड बैठकों में पारित प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाय: महापौर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम की महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने सफाई कर्मचारियों के वेतन बढोतरी, निर्माण कार्यो की प्रगति सहित प्रधानमंत्री आवास को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने बिगत बोर्ड बैठकों में पारित प्रस्तावों को धरातल पर उतारे जाने को लेकर उन्हें निर्धारित समय से पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्माण कार्यो में कोताही न बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि घटिया निर्माण कार्य को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। वार्डो में कराये जा रहे निर्माण कार्यो के लिए पार्षदों को भी विश्वास में लेकर निर्माण कार्य करवाये जाने के निर्देश दिये ताकि निर्माण कार्यो में गुणवत्ता बरकरार रखी जा सके। घटिया निर्माण की शिकायत के लिए सम्बधित अधिकारी स्वंय जिम्मेदार होगें। साथ ही शहर में जरूरत वाले स्थानों पर शौचालय एवं नये बनने वाले यात्री शैड के स्थानों को भी चिन्हित किये जाने के निर्देश दिये। महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने वर्तमान में सफाई कर्मचारियों की वेतन बढोतरी को लेकर समीक्षा करते नगर आयुक्त को शासन को रिमाइंडर के रूप में पत्राचार करने के निर्देश दिये साथ ही सफाई निरीक्षकों को सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए समस्त सफाई कर्मचारियों को आगामी पंद्रह अगस्त को सम्मानित भी किया जायेगा। महापौर ने नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि चिन्हित लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत धनराशि लाभार्थियों को तत्काल निर्गत की जाय ताकि लोगों को योजना का समय से लाभ मिल सके। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार, टीओ श्रीमती निवेदिता बिष्ट, ऐई आऱ एस पंवार, जेई अभिनव दीक्षित, अखिलेश खंडूरी, सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *