भाजपा की तिरंगा यात्रा में गूंजा भारत माता का जयघोष

Spread the love

स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर मेें भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से शहर को गुंजायमान कर दिया।


तिरंगा यात्रा के संयोजक शैलेंद्र सिंह बिष्ट एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में एक बारातघर में एकत्रित हुए। यहां से तिरंगा यात्रा शुरू होकर तीलू रौतेली चौक, झंडाचौक होते हुए मालवीय उद्यान पहुंची। मालवीय उद्यान में यात्रा का समापन जनसभा के रूप में हुआ। जनसभा को संबोधित करते हुए महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने तिरंगा यात्रा के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान के बाद भारत को आजादी मिली है। आज भी देश की सेना के जवान इसी तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सदैव समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। तिरंगा यात्रा के संयोजक शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने यात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। इस अवसर पर बीरेंद्र रावत, राजेंद्र जखमोला, हरीश खर्कवाल, प्रेमा खंतवाल, हरि सिंह पुंडीर, संग्राम सिंह भंडारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *