टेंडर निरस्त नहीं होने तक जारी रहेगा जमीन बचाने का संघर्ष

Spread the love

कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के बौर व राम गांव की चारागाह एवं पंचायती भूमि को निजी कंपनी को लीज पर दिए जाने के लिए जारी टेंडर के विरोध में आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुल्याधार में शुक्रवार को चौथे दिन भी ग्रामीण क्रमिक अनशन पर डटे रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक टेंडर निरस्त नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
शुक्रवार को सेवानिवृत्त सूबेदार कलम सिंह कैंतुरा, दिनेश भंडारी, भाजपा महामंत्री अतर सिंह सजवाण व अतर सिंह नेगी क्रमिक अनशन पर बैठे। धरना स्थल पर हुई बैठक में ग्रमाीणों ने कहा कि पैतृक जमीन की रक्षा के लिए क्षेत्रवासी किसी भी दशा में पीछे नहीं हटेंगे। आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन स्थानीय लोगों की भावनाओं की अनदेखी कर भूमि को लीज पर देने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार और प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए भूमि की लीज के लिए जारी टेंडर तत्काल निरस्त करने की मांग दोहराई। यदि मांग की अनदेखी की गई तो आंदोलन की धार तेज की जाएगी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अतर सिंह तोमर, पैतृक भूमि संरक्षण समिति के अध्यक्ष नत्थी सिंह कैंतुरा ने चारागाह भूमि की टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *