सड़कें तोड़ रही कमर, नींद में सिस्टम

Spread the love

कोटद्वार क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बदहाल पड़ी हैं सड़कें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर के विभिन्न वार्डों में बदहाल सड़कें वाहन चालकों की कमर तोड़ रही है। लगातार शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम सड़क मरम्मत की सुध नहीं ले रहा। नतीजा, बदहाल सड़कों पर हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढों की चपेट में आने से घायल हो रहे हैं। जबकि, कुछ दिन पूर्व शिवपुर क्षेत्र के लोगों ने सड़क मरम्मत को लेकर आंदोलन भी किया था।
शहर में शायद ही कोई ऐसा वार्ड हो जहां आपको बदहाल सड़कें न दिखाई दें। गड्ढों में खो रही सड़कें आमजन के लिए मुसीबत बनी हुई है। सबसे बुरी स्थित मानपुर से बेलाडाट को जाने वाले मार्ग की बनी हुई है। यही स्थिति गाड़ीघाट से लालपानी को जोड़ने वाले मार्ग व घराट से महाविद्यालय को जोड़ने वाले मार्ग की भी बनी हुई है। उक्त मार्गों पर वाहन चालक गड्ढों के बीच सड़क को खोज रहे हैं। यही नहीं आए दिन इन गड्ढों की चपेट में आने से वाहन चालक भी चोटिल हो रहे हैं। सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों को बना हुआ है।
बॉक्स समाचार
मोहल्लों में बिगड़ी स्थिति
कुछ माह पूर्व वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में नई पेयजल लाइन बिछाने के लिए खुदाई करवाई गई थी। इसके बाद पेयजल लाइन का कनेक्शन तो डाल दिया गया। लेकिन, सड़क मरम्मत की सुध नहीं ली गई। नतीजा, मोहल्लों में बदहाल सड़कों पर आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। साथ ही हल्की वर्षा होने पर पूरे मोहल्ले का रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *