रांची,। राजधानी रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में रविवार को दूसरे (शाम) सत्र में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. ट्रैक और फील्ड दोनों स्पर्धाओं में देशभर से पहुंचे एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया. दिनभर चले मुकाबलों में कई खिलाड़ियों ने पदक जीते, जबकि कुछ खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफिकेशन मार्क भी हासिल किया.
पुरुष हाई जंप फाइनल प्रतियोगिता का सबसे चर्चित मुकाबला रहा. महाराष्ट्र के सरवेश अनिल कुशारे ने 2.28 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. खास बात यह रही कि उन्होंने प्रतियोगिता रिकॉर्ड की बराबरी भी की. उनका प्रदर्शन कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालीफिकेशन मार्क 2.22 मीटर से बेहतर रहा, जिससे उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी.
तमिलनाडु के आदर्श राम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2.22 मीटर की छलांग लगाई और रजत पदक हासिल किया. उन्होंने भी सीडब्ल्यूजी क्वालीफिकेशन मार्क पूरा किया. कर्नाटक के सुदीप ने 2.12 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया. महाराष्ट्र के धैर्यशील धनाजी गायकवाड़ और ऑल इंडिया पुलिस के गुरजीत सिंह ने भी 2.12 मीटर की ऊंचाई पार की लेकिन प्रयासों के आधार पर उन्हें क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान मिला. वहीं तमिलनाडु के मोहम्मद फाजिल एस, ओडिशा के स्वाधीन कुमार माझी और मध्यप्रदेश के आदित्यांश सिंह 2.04 मीटर के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर रहे.
पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ का फाइनल बेहद रोमांचक रहा. तेजस अशोक शिरसे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13.50 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता. वे मीट रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे और पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा. कृषिक एम ने 13.52 सेकेंड के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि मोहम्मद लाजन वीके ने 13.83 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया.
ओएनजीसी के सिद्धांत उमानंदा चौथे स्थान पर रहे, जबकि रिलायंस के राथिश राथिश पंडिड पांचवें स्थान पर रहे. केरल के युवा खिलाड़ी शाहुल एस छठे स्थान पर रहे. मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु की नंदिनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13.24 सेकेंड का समय निकाला और स्वर्ण पदक जीत लिया. ओडिशा की प्रज्ञान प्रसांति साहू ने 13.33 सेकेंड के साथ रजत पदक हासिल किया. जेएसडब्ल्यू की अंजलि सी ने 13.35 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता. कर्नाटक की श्रेया राजेश भी समान समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं. ओडिशा की सबिता टोप्पो ने 13.57 सेकेंड के साथ पांचवां स्थान हासिल किया.
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की तेज रफ्तार और शानदार तकनीक ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. महिलाओं की हैमर थ्रो स्पर्धा में पंजाब की मनप्रीत कौर ने 59.08 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता. रेलवे स्पोर्ट्स की कुलविंदर कौर ने 57.76 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि ओडिशा की दिव्या शांडिल्या ने 56.41 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया. मध्य प्रदेश की प्रतिभा 55.35 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहीं. तमिलनाडु की नित्या बी ने 55.16 मीटर का थ्रो कर पांचवां स्थान हासिल किया.
महिला हेप्टाथलॉन में पूजा और खुशी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर महिलाओं की हेप्टाथलॉन हाई जंप स्पर्धा में शानदार मुकाबला देखने को मिला. जेएसडब्ल्यू की पूजा और हरियाणा की खुशी ने 1.79 मीटर की ऊंचाई पार कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया, दोनों खिलाड़ियों को 966 अंक मिले. पश्चिम बंगाल की बिदिशा कुंडू, राजस्थान की नीता कुमारी और केरल की अनामिका के ए ने 1.67 मीटर की छलांग लगाकर 818 अंक अर्जित किए.
वहीं महिला हेप्टाथलॉन शॉट पुट स्पर्धा में दिल्ली की तनिष्का शर्मा ने 11.43 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया और 623 अंक अर्जित किए. तमिलनाडु की दीपिका एस दूसरे और केरल की अनामिका के ए तीसरे स्थान पर रहीं. इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि भारतीय एथलेटिक्स लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है. प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी कई फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.
००