चमोली। ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी के बीच एक टेंपो ट्रैवलर खराब होने के कारण बदरीनाथ हाईवे पर सोमवार सुबह पांच घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में स्कूली वाहन भी फंस गए और कई बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच पाए। बदरीनाथ धाम में इन दिनों तीर्थयात्री अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। इस कारण बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी के बीच एक टेंपो ट्रैवलर खराब हो गया। सुबह हाईवे पर गेट सिस्टम नहीं होने से दोनों तरफ वाहन आते रहे इससे वहां भारी जाम लग गया। देखते ही देखते ज्योतिर्मठ तक वाहनों की कतार लग गई। जेपी विद्या मंदिर स्कूल की बस भी जाम में फंस गई। जाम में फंसे रहने के कारण बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाए। पुलिस ने क्रेन की मदद से टेंपो ट्रैवलर को हाईवे से हटवाया और करीब पांच घंटे बाद जाम खुल पाया। वहीं कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर को क्रेन से हटाकर जाम खुलवाया गया।