महासम्मेलन में शहर की समस्याओं पर होगा मंथन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : शहर में पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के तत्वाधान में आगामी 17 जनवरी को महा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महा सम्मेलन में शहर की समस्याओं पर मंथन होगा। इसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने बताया कि यूं तो पौड़ी को पर्यटन नगरी कहा जाता है, लेकिन तमाम संभावनाओं के बाद भी यहां कई समस्याएं साल दर साल से मुंह चिढ़ा रही है। कहा कि शहर में पानी की समस्या के अलावा जल कर, भवन कर इतना है कि आम जन इससे जूझ रहा है। कहा कि शहर में पानी की आपूर्ति आज भी एक दिन में एक ही बार होती है। दो टाइम पेयजल आपूर्ति कराने की मांग भी अधर में है। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण के लिए आज तक शहर में ट्रेचिंग ग्राउंड नहीं बन पाया। ऐसे में शहर के श्रीनगर मार्ग पर चोपड़ा गदेरे के किनारे कूड़ा डंप किया जा रहा है। इस कूड़े में बार-बार आग लगने से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं। लेकिन इस दिशा में आज भी नगर पालिका कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रेचिंग ग्राउंड नहीं बना पाई। कहा कि शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी 17 जनवरी को पौड़ी के रामलीला मैदान में महा सम्मेलन आहूत किया गया है। जिसमें कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों, व्यापारियों, छात्रों, स्थानीय लोगों के साथ ही विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। कहा कि महा सम्मेलन में समस्याओं के निराकरण के लिए आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *