जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सोमवार को देशभक्ति के रंग में डूबी नजर आई। शहर में निकाली गई तिरंगा यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के साथ बड़ी संख्या में आम लोग, युवा और बच्चे शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय व पाबौ में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान तिरंगे के साथ छात्र-छात्राओं, जनप्रतिविधियों व आम लोगों के साथ पूरा शहर राष्ट्रीय ध्वज के रंगों में नजर आया। शहर के डीएवी इंटर कॉलेज से तिरंगा यात्रा शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंची। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यात्रा की अगुवाई की। वहीं विकासखंड पाबौ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत यात्रा निकाली गई। मंत्री डॉ. रावत सहित स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों व युवाओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। तिरंगा यात्रा में शामिल मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। हाथ में तिरंगा आते ही मन में देश के प्रति गौरव और सम्मान का भाव पैदा होता है। उन्होंने कहा कि जब देशवासी एक साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष करते हैं, तो राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होती है। इस मौके पर विधायक राजकुमार पोरी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, सीईओ अत्रेश सयाना, बीईओ मास्टर आदर्श आदि मौजूद रहे।