देहरादून। बुलंदशहर के एक युवक ने युवती व उसके परिवार को बदनाम करने के लिए उसके घर गांजे व अन्य नशे की सामग्री से भरा गिफ्ट हैंपर भेज दिया। आरोपित इंटरनेट मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर युवती को लगातार परेशान कर रहा है। युवती के पिता रिटायर सूबेदार ने जब इस संबंध में रायपुर थाने में शिकायत दी तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने पुलिस महानिदेशक से आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में रिटायर सूबेदार ने बताया कि उनकी पुत्री की उम्र 25 वर्ष है। उसे संदीप नाम का युवक लगातार परेशान कर रहा है। आरोपित निजामपुर, सिकंदराबाद, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। पिछले एक वर्ष से वह पुत्री को तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर परेशान करता आ रहा है। आरोपित ने उनकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दी, जिसकी शिकायत उन्होंने रायपुर व साइबर थाने में दी। शिकायत कराने के बावजूद आरोपित उनकी पुत्री को अभी भी परेशान कर रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि संदीप ने उनके घर पर गांजा व ड्रग्स के गिफ्ट हैंपर भेजे, ताकि वह उन्हें फंसाकर बदनाम कर सके। थानाध्यक्ष रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध पूर्व में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें वह उच्च न्यायालय से गिरफ्तारी से बचने के लिए स्टे लेकर आया था। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।