उत्तरकाशी में यातायात जागरूकता रैली निकाली
उत्तरकाशी। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उत्तरकाशी पुलिस ने नगर क्षेत्र में यातायात जनजागरूकता रैली निकाली। इसके माध्यम से एनसीसी कैडेट, पीआरडी तथा पुलिस जवानों ने आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष 34वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2024 15 जनवरी से 14 फरवरी तक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को निरीक्षक यातायात राजेन्द्र नाथ के नेतृत्व में यातायात पुलिस, पीआरडी जवान व एनसीसी के कैडेट द्वारा उत्तरकाशी में यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान रैली में मौजूद जवानों द्वारा बैनर व पम्पलैट के मध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अनाउंसमेंट कर यातायात नियमों की जानकारी भी साझा की गयी। पुलिस ने दो पहिया वाहन चलाने वालों से अनिवार्य रुप से हेलमेट का प्रयोग करने तथा सवारी वाहन पर ओवरलोडिंग न करने व चौपहिया वाहन पर सीट बेल्ट को लगाने की अपील की गयी।