चारधाम यात्रा में यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़

Spread the love

ओवरस्पीडिंग व बाइकर्स पर रहेगी विशेष निगरानी
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : आगामी मानसून सीजन एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने हेतु विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच हेतु नियमित सैंपलिंग अभियान चलाने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध रहे, जिससे यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने पुलिस विभाग एवं एआरटीओ को यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पीपलकोटी, हाथीपहाड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर अनाधिकृत पार्किंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा बाइक सवार यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गति एवं यातायात नियमों का उल्लंघन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है, इसलिए ऐसे मामलों में नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से बाइकर्स की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, यात्रा मजिस्ट्रेट बद्रीनाथ तीरथ पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *