नईदिल्ली,इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ट्रेविस हेड और उनकी पत्नी को ऑनलाइन गालियों का सामना करना पड़ा है। दरअसल, जब सनराइजर्स हैदराबाद और आरसीबी के बीच मैच के दौरान हेड और विराट कोहली के बीच कहासुनी हुई, उसके बाद से ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के परिवार को लेकर नफरत भरे कमेंट्स देखने को मिले। यह कोई पहला मौका नहीं है, जब हेड को ये सब झेलना पड़ा है। हेड की पत्नी जेसिका ने ये बात बताई है।
जेसिका ने ऑनलाइन होने वाली बदतमीजी की निंदा करते हुए कहा, जब मैं सोकर उठी, तो मेरे सोशल मीडिया पर गालियों की बाढ़ आई हुई थी। हम तो ठीक हैं, लेकिन वे मेरे दोस्तों और परिवार पर हमला कर रहे हैं। बता दें कि वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में हेड ने भारत के खिलाफ शतक लगाया था। इसके बाद भी हेड के परिवार को सोशल मीडिया पर खूब गालियां मिली थी।
जेसिका ने फैंस से सोशल मीडिया पर सम्मानजनक रवैया अपनाने की अपील करते हुए कहा, मुझे लगता है कि इस समय सभी खेलों में मानसिक स्वास्थ्य, नजरिए और जिस तरह से हम एक-दूसरे से बात करते हैं, उसे लेकर एक अहम चर्चा चल रही है। उन्होंने आगे कहा कि भले ही जुनून खेल का एक हिस्सा है, लेकिन यह याद रखना भी जरूरी है कि खेल के पीछे असली लोग और परिवार होते हैं।
आरसीबी की पारी में हेड ने कोहली को और आक्रामक बल्लेबाजी करने की सलाह दी। इस पर कोहली ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या तुम खुद गेंदबाजी करना चाहते हो? इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हुई। मैच की समाप्ति के बाद हेड ने कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन आरसीबी के दिग्गज ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। बाकी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ियों से कोहली सामान्य रूप से मिले। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हेड से बहस के बाद कोहली उस मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। जीत के लिए मिले 256 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली 11 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। क्रष्टक्च की पारी पूरे ओवर खेलने के बाद 200/4 का स्कोर ही बना सकी थी। दिलचस्प रूप से हेड ने उस मैच में एक ओवर गेंदबाजी भी की, जिसमें 7 रन देते हुए एक विकेट लिया।