उत्तरकाशी। यमुनोत्री क्षेत्र में लागातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। यमुनोत्री क्षेत्र में इस बार पाली गाड़ से ऊपर यमुनोत्री धाम तक आपदा ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। यमुनोत्री क्षेत्र में जगह-जगह जहां यमुनोत्री हाईवे क्षतिग्रस्त हो रखा है, तो वहीं राना से आगे क्षेत्र में विपरीत परिस्थितियों के कारण विद्युत आपूर्ति भी बहाल नहीं हो पा रही है। भारी बारिश और आपदा के कारण जंगलचट्टी और नारदचट्टी के पास क्षतिग्रस्त यमुनोत्री हाईवे पिछले 12 दिनों से बंद है। वहीं, सिलाई बैंड के पास भी पहाड़ी से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण आवाजाही बाधित हो रही है और यहां हाईवे खोलने का काम बेहद खतरनाक हो गया है। साथ ही स्यानाचट्टी में भी यमुना पर बनी झील और बारिश के कारण लगातार बढ़ता यमुना का जल स्तर भी लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। जंगल चट्टी, नारद चट्टी, बनास और फूलचट्टी आदि स्थानों पर यमुनोत्री हाईवे जगह जगह क्षतिग्रस्त हो रखा है, विभाग द्वारा इसको खोलने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। यमुनोत्री हाईवे के बंद होने से इस क्षेत्र के लोगों की मुसीबतें भी बढ़ती जा रही हैं। एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि पहाड़ी से गिर रहे चट्टानी पत्थरों के चलते हाईवे पर सड़क खोलने का कार्य जोखिम भरा होने के बावजूद लगातार सड़क खोलने का प्रयास किया जा रहा है।