ट्रंप ने परमाणु हमले की संभावना को नकारा, ईरान से कहा- समय कम होता जा रहा

Spread the love

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम का समय बढ़ाने के बाद ईरान को एक बार फिर चेतावनी दी कि उसके पास समय बहुत कम बचा है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने युद्ध में परमाणु हमले की संभावना को भी नकार दिया, उनका दावा किया है कि वाशिंगटन पारंपरिक साधनों से ईरान को भारी नुकसान पहुंचा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते से जुड़े सवाल पर कहा, समय तेज़ी से बीत रहा है! अमेरिका युद्ध समाप्त करने की जल्दी में नहीं है, लेकिन ईरान पर दबाव बढ़ता ही जाएगा। अमेरिका के पास दुनिया का सारा समय है, लेकिन ईरान के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि 2 सप्ताह के युद्धविराम में ईरान ने अपनी सेना के कुछ हिस्सों का पुनर्निर्माण करने का प्रयास किया होगा, लेकिन ऐसी बहाली शीघ्र ही विफल हो सकती है।
ट्रंप से पत्रकारों ने पूछा कि क्या वह ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेंगे, तो उन्होंने कहा, मैं परमाणु हथियार का इस्तेमाल क्यों करूंगा? हमने बिना परमाणु हथियार के ही उन्हें पूरी तरह से, बहुत ही पारंपरिक तरीके से, नष्ट कर दिया है। उन्होंने आगे कहा, नहीं, मैं इसका इस्तेमाल नहीं करूंगा। किसी को भी परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि वह समझौते में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं।
युद्धविराम के बीच अमेरिका अपनी सैन्य उपस्थिति को पश्चिम एशिया में और बढ़ा रहा है। यूएसएस जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश अमेरिकी केंद्रीय कमान के ऑपरेशन क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है, और इस तरह युद्ध में अस्थाई विराम के बीच इस क्षेत्र में तैनात होने वाला तीसरा अमेरिकी विमानवाहक पोत बन गया है। यह विमानवाहक पोत अभी हिंद महासागर में है, जबकि यूएसएस अब्राहम लिंकन अरब सागर में और यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड लाल सागर में तैनात है।
अमेरिका का ईरान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव जारी है। ट्रंप ने ट्रुथ पर बताया कि उन्होंने अमेरिकी नौसेना को आदेश दिया है कि जो भी छोटी और बड़ी नाव होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछा रही हो, उसे गोली मारकर नष्ट कर दे। उन्होंने सेना को कहा कि इसमें किसी तरह की हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह काम जारी रहे, लेकिन अब 3 गुना ज्यादा तेजी से करें।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *