गढ़वाल विश्वविद्यालय में होंगे दो दिवसीय कार्यक्रम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर (गढ़वाल) में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समीक्षा तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन के उद्देश्य से दो दिवसीय अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 का आयोजन 31 जुलाई से 1 अगस्त तक किया जायेगा।
इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एक आयोजन समिति गठित की गई है। इस आयोजन के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों में 31 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत शिक्षा में भारतीय ज्ञान परंपरा एवं भारतीय भाषाओं का समावेश, विषय पर एक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह द्वारा चौरास परिसर स्थित हिमालयी पुरातत्व एवं नृवंशीय संग्रहालय (म्यूजियम), में किया जाएगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक संकायाध्यक्ष एवं एनईपी समन्वयक प्रो. प्रशांत कंडारी ने गठित समिति के साथ एक बैठक ली और इस कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह एक जनउपयोगी कार्यक्रम है जिसमें कोई भी शामिल हो सकता है। आयोजन समिति के द्वारा उद्घाटन अवसर पर आयोजित ‘प्रदर्शनी’ में सम्मानित नागरिकों, शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा एनईपी से जुड़े हितधारकों को आंमत्रित किया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों, भारतीय ज्ञान प्रणाली तथा भारतीय भाषाओं के महत्व को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना तथा शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के मध्य सार्थक संवाद स्थापित करना है। बैठक में समिति में डॉ. राकेश नेगी, डॉ. नागेन्द्र रावत, डॉ. सुभाष, डॉ. अनूप सेमवाल, डॉ. कपिल पंवार, डॉ. अमरजीत परिहार, डॉ. चन्द्रशेखर जोशी, डॉ. पुनीत वालिया, डॉ. शंकर सिंह, डॉ. भास्करन आदि सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *