दो नर्सिंग अधिकारियों पर ड्यूटी व्यवस्था में अनियमितताएं बरतने का आरोप

Spread the love

काशीपुर। दो लोगों ने मुख्यमंत्री से एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय की दो नर्सिंग अधिकारियों पर ड्यूटी व्यवस्था में अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक से 10 अक्तूबर 2025, 5 से 11 फरवरी 2026 और 23 अप्रैल से 16 मई तक ड्यूटी संबंधी अभिलेखों की विशेष जांच कराने की मांग की है।
जसपुर के मोहल्ला जोशियान निवासी विक्रांत कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल और काली मंदिर के पास निवासी नंदन सिंह बिष्ट ने डीजी हेल्थ को शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उन्होंने एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय की दो नर्सिंग अधिकारियों पर ड्यूटी व्यवस्था में अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को नियम विरुद्ध तरीके से अवकाश प्रदान किया जाता है। बाद में उपस्थिति रजिस्टर में वाइटनर लगाकर हस्ताक्षर कराए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी अभिलेखों में काट-छांट, फर्जी प्रविष्टियां प्रशासनिक अपराध एवं सेवा नियमावली का प्रत्यक्ष उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मेडिकल अवकाश अवधि 1 से 4 मई 2026 के दौरान भी उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किया जाना सरकारी सेवा नियमों का उल्लंघन है। आरोप है इन कर्मियों को ऐसे वार्डों में तैनात किया जाता है जहां कार्यभार न्यूनतम रहता है। इससे जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *