देहरादून। थाना रायपुर पुलिस ने मालदेवता क्षेत्र के नौका दौड़ वाला और माजरी माफी में संदिग्ध ढाबों एवं रेस्टोरेंट के खिलाफ सघन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने दो रेस्टोरेंट संचालकों को अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध ढाबों और रेस्टोरेंट में अवैध गतिविधियों की शिकायतों को देखते हुए संयुक्त रूप से सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट संचालकों को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा।
भारी मात्रा में शराब बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 84 पाउच माल्टा देशी शराब, 80 पव्वे इंपीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब और 04 हाफ रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब बरामद की।
अवैध शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों रेस्टोरेंट संचालकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संदिग्ध ढाबों और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम ने ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।