जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्र की एक नर्सरी के गल्ले का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई धनराशि भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को संगीता चौधरी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय दो अज्ञात युवक उनकी नर्सरी में घुसे और गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले में मवाकोट निवासी देवांग सकलानी और घमंडपुर निवासी दीपक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के कब्जे से चोरी की गई 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।